कैंसर मरीजों के लिए राहत, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना से जुड़ा 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल

Spread the love

कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल से हुआ एमओयू

जमशेदपुर: कैंसर से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 12 जून को 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल के साथ सरकार का एमओयू (समझौता ज्ञापन) संपन्न हो गया है। इसके साथ ही कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को एक बार फिर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

111 सेव लाइफ हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. ओ. पी. आनंद ने बताया कि एमओयू की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण पिछले दो महीनों से कोल्हान के कैंसर मरीजों को योजना का लाभ लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, मरीजों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ऐसे सभी मरीजों का निशुल्क उपचार जारी रखा।

उन्होंने बताया कि अब सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीज सिविल सर्जन कार्यालय में आवश्यक प्राक्कलन जमा कर योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि आदित्यपुर-2 स्थित 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल पिछले दस वर्षों से इस योजना के तहत अधिकृत संस्थान के रूप में कैंसर मरीजों का उपचार कर रहा है। इस दौरान क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों को बेहतर इलाज और नया जीवन प्रदान करने में अस्पताल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।