पलामू: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गुरुवार देर रात पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवबंद पहाड़ पर स्वयं छापेमारी कर अवैध खनन के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। मौके से चार हाईवा ट्रक और एक पोकलेन मशीन समेत कई वाहन जब्त किए गए।


जानकारी के अनुसार, मंत्री को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मोरम का अवैध खनन कर उसे बिहार भेजा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन को सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामला मंत्री तक पहुंचा। इसके बाद उन्होंने रात करीब 11 बजे सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मंत्री ने मौके से पलामू एसपी कपिल चौधरी को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासनिक टीम भी पहुंची। जिला खनन विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
वित्त मंत्री ने कहा कि अवैध खनन से राज्य सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि माफियाओं द्वारा इलाके में भय का माहौल बनाया गया था।

