चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के हरिजन टोला स्थित न्यू प्राथमिक विद्यालय में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक, पुलिस पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य और सफलता की कुंजी है, इसलिए सभी बच्चों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति गलत नीयत से छूने का प्रयास करे तो इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को दें और ऐसी बातों को कभी न छिपाएं।
इसके साथ ही बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास को भी मजबूत करते हैं।

