पलामू में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, ठेकेदार संजय तिवारी को गोली मारी, रिम्स रेफर

Spread the love

पलामू जिले में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर थाना क्षेत्र के पांकी रोड स्थित चरकी भट्ठा के पास आपसी रंजिश के कारण हुई गोलीबारी में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संवेदक (ठेकेदार) संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, संजय तिवारी अपने घर के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने कथित रूप से उन पर अचानक गोली चला दी। गोली संजय तिवारी के सीने के नीचे जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि संजय तिवारी और उनके गोतिया परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

घटना के बाद आरोपी प्रीतम तिवारी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।