चतरा: चतरा सदर थाना क्षेत्र के कामत गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान सहित करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का दावा किया गया है। पीड़ित रंजीत सिंह ने इस संबंध में सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह 19 जून की शाम पलामू जिले के पांकी में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ घर बंद कर गए थे। देर रात करीब 2:50 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा और कमरों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे।
पीड़ित के अनुसार, चोर सोने का मंगलसूत्र, चार बाला, दो अंगूठी, सोने का सिक्का, चेन, झुमका, चांदी की पायल, बिछिया, कटोरी, चांदी के सिक्के सहित अन्य आभूषण और 3,500 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
रंजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान गांव में एक संदिग्ध चारपहिया वाहन घर के आसपास घूमता देखा गया था। उन्होंने आशंका जताई है कि उसी वाहन में सवार लोग चोरी में शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

