गोड्डा मुखिया पर जानलेवा हमले में तीन गिरफ्तार, हथियार और बोलेरो बरामद

Spread the love

गोड्डा: गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार भगत उर्फ लड्डू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन भी बरामद की है। मामले का खुलासा शनिवार को गोड्डा मुफस्सिल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी ने किया।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास अपराधियों ने मुखिया अनुपम कुमार भगत पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और विरोधस्वरूप मुख्य बाजार भी बंद रहा। पीड़ित मुखिया के आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ड्रॉपद राजापुर निवासी अंकित यादव और नयन कुमार यादव तथा टेटरिया टीकर निवासी अमरकांत गिरी उर्फ करु के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड में मुखिया अनुपम भगत मुख्य गवाह हैं। इसी कारण आरोपियों ने साजिश रचकर उन पर हमला किया था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।