Ranchi News: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों के हित, कल्याण, सुरक्षा, सामाजिक सम्मान एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने मंत्री को पत्रकारों, विशेषकर छोटे एवं मध्यम श्रेणी के पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने पत्रकारों के लिए बेहतर कल्याणकारी योजनाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके लिए सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, आवास सुविधा, पत्रकार कल्याण योजनाओं और अन्य आवश्यक मुद्दों पर सरकार से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पत्रकारों से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं और उनके सुझावों व समस्याओं पर सरकार गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। उन्होंने पत्रकारों के कल्याण एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
मुलाकात के अंत में प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पत्रकार हित में जल्द ही ठोस और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

