Jamshedpur News: जेठ की तपती दुपहरी के बीच सावन के आगमन का स्वागत करने के लिए रविवार को साकची स्थित जमशेदपुर पेंशनर समाज कार्यालय (पुराना कोर्ट परिसर) में “हुलास एवं जमशेदपुर पेंशनर समाज” के संयुक्त तत्वावधान में भव्य काव्य-मंच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक प्रतिष्ठित कवियों, साहित्यकारों और श्रोताओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता हुलास परिवार के अध्यक्ष श्यामल सुमन ने की, जबकि प्रसिद्ध गीतकार बसंत जमशेदपुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच पर जमशेदपुर पेंशनर समाज के अध्यक्ष एवं सचिव एस.पी. सिंह भी मौजूद थे। कार्यक्रम का सफल संचालन साहित्यकार नवीन अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीपक वर्मा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और फादर्स डे के अवसर पर कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से योग, स्वास्थ्य, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया।
अध्यक्ष श्यामल सुमन ने योग के महत्व पर अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा, “आसन कसरत दें हमें जीने में सहयोग, आत्म-परमात्मा मिले तभी योग है योग।” वहीं विनोद “बेगाना” ने योग को निरोग जीवन का आधार बताते हुए अपनी कविता सुनाई।
प्रसिद्ध व्यंग्यकार दीपक वर्मा ने योग और सामाजिक विषयों पर हास्य-व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुति देकर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। घाटशिला से पहुंचीं स्वर कोकिला रजनी ने “योग निरोग करे जीवन को” शीर्षक रचना प्रस्तुत की, जिसे श्रोताओं ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान नवीन अग्रवाल और हुलास संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हरि किशन चावला ने भ्रष्टाचार विषयक व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। जय प्रकाश पांडेय, बसंत जमशेदपुरी, सुनीता बेदी और बीना कुमारी की काव्य प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अंत में जमशेदपुर पेंशनर समाज के सचिव एस.पी. सिंह ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

