गिरिडीह में दिनदहाड़े लूट: युवक से ₹1.20 लाख नकद, मोबाइल और बाइक की चाबी छीनी

Spread the love

गिरिडीह: जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक से ₹1.20 लाख नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बंगाबाद थाना क्षेत्र के महतोडीह निवासी मोहम्मद रुस्तम अंसारी अपने घर से बाइक पर सवार होकर ससुराल बंसीमी जा रहे थे। उनके पास ₹1.20 लाख नकद राशि थी। इसी दौरान गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर कोयरीडीह मोड़ के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा कर उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार, अपराधियों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और उनके पास मौजूद ₹1.20 लाख नकद, मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद किसी तरह पीड़ित ने अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों की जानकारी पर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।