पश्चिमी सिंहभूम में बुलडोजर की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा, एक की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सेरेंगदा-गुदड़ी मुख्य सड़क पर सेरेंगदा हाट से लौट रहे ग्रामीणों से भरे एक महिंद्रा वाहन को पीछे से एक बुलडोजर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान बुरूडारिंग गांव निवासी 61 वर्षीय टेसा मुटिया के रूप में हुई है। हादसे में वाहन में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में 17 वर्षीय आर्यन माझी, 45 वर्षीय देवो मछुआइन और 46 वर्षीय बासु कुम्हार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए तथा घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही गुदड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बुलडोजर को जब्त कर लिया गया है तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।