बुजुर्ग से ₹500 की छिनतई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, आदित्यपुर पुलिस ने भेजा जेल

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर थाना पुलिस ने बुजुर्ग से छिनतई की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित का पर्स और छिनी गई ₹500 की नकद राशि भी बरामद कर ली है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को आशियाना मोड़ के पास बारीडीह बस्ती निवासी बलराम से तीन युवकों ने ₹500 की छिनतई कर ली थी। घटना के दौरान छीना-झपटी हो रही थी, तभी गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू सन्यासी (24), पिता राजू सन्यासी, निवासी सालडीह बस्ती, थाना आदित्यपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से पीड़ित का पर्स और उसमें रखा ₹500 बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने फरार हुए दोनों साथियों के भी स्थानीय अपराधी होने की जानकारी दी है। पुलिस ने उनके नामों की पुष्टि कर गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस की तत्परता से घटना का कुछ ही समय में खुलासा हो गया। बुधवार को गिरफ्तार आरोपी सोनू सन्यासी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।