जमशेदपुर: टाटा स्टील के लैंड विभाग ने सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल से करीब 100 मीटर दूर सर्विस रोड पर बने अवैध चाय दुकानों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया। लंबे समय से इस क्षेत्र में रात के समय असामाजिक गतिविधियों और अवैध जमावड़े की शिकायतें मिल रही थीं।


स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात तक यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे आसपास के निवासियों को परेशानी होती थी। शिकायत मिलने पर सोनारी थाना पुलिस कई बार मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया भी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
इसके बाद टाटा स्टील के लैंड विभाग ने अभियान चलाकर सड़क किनारे बने सभी अस्थायी अवैध ढांचों और चाय दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा किसी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण नहीं किया जाए।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी तथा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
हालांकि, इस पूरे अभियान को लेकर टाटा स्टील के लैंड विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

