जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-8 में मंगलवार देर रात 18 वर्षीय युवक रोहित रविदास अपने घर में मृत मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


परिजनों के अनुसार, रोहित मंगलवार रात घर लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिला। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर लौटने से पहले युवक का बाहर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह भी बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और कुछ समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों ने बताया कि करीब नौ महीने पहले उसकी प्रेम विवाह हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।

