धनबाद में तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का शुभारंभ, वैज्ञानिक जांच और आधुनिक पुलिसिंग पर जोर

Spread the love

धनबाद, 5 अगस्त: धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की जांच संबंधी दक्षताओं को और अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाना है।

अपने संबोधन में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट जांच प्रणाली को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम में अपराध स्थल निरीक्षण, फोटोग्राफी, साक्ष्य संग्रह, वैज्ञानिक अनुसंधान और अन्य जांच प्रक्रियाओं से जुड़े विषयों पर प्रतियोगिताएं एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। सीआईडी और एफएसएल की विशेषज्ञ टीमें प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रही हैं।

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस आयोजन से पुलिसकर्मियों को नई तकनीकों और नवाचारों को सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे संगठित अपराध सहित विभिन्न चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में 1 अगस्त से डिजिटल पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह लागू कर दी गई है, जिससे लंबित मामलों में लगातार कमी आ रही है। साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की गई।