श्रावणी मेले में मिलावटी पेड़ा प्रसाद पर बड़ी कार्रवाई, 500 किलो संदिग्ध खोया जब्त

Spread the love

देवघर: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पेड़ा प्रसाद बनाने का मामला उजागर किया है। विभाग की टीम ने क्लब ग्राउंड के पीछे स्थित एक नवनिर्मित मकान में छापेमारी कर लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध खोया बरामद किया, जिससे पेड़ा तैयार किया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पेड़ा बनाने में रिफाइंड तेल का उपयोग किया जा रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संदिग्ध खोया और अन्य नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेज दिया है।

विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त कर संबंधित फर्म से जवाब तलब किया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है।