झारखंड SIR 2026: प्रारूप मतदाता सूची जारी, 63 लाख से अधिक मतदाताओं का होगा सत्यापन

Spread the love

रांची: झारखंड में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 अभियान के तहत 6 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय के अनुसार, इस प्रारूप सूची में राज्य के 2 करोड़ 21 लाख 1 हजार 249 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया के तहत 63 लाख 24 हजार 116 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाता रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं, जिनकी जांच की जाएगी।

जारी आंकड़ों के अनुसार, 14 लाख 3 हजार 205 मतदाताओं के रिकॉर्ड का सही मैपिंग नहीं हो पाया है। वहीं 3 लाख 65 हजार 684 मतदाताओं के रिकॉर्ड में जनसांख्यिकीय समानता (Demographic Similarity) पाई गई है, जिससे डुप्लीकेट रिकॉर्ड होने की संभावना की जांच की जाएगी। इसके अलावा 45 लाख 55 हजार 227 मतदाताओं के रिकॉर्ड में तार्किक विसंगतियां मिलने के कारण उन्हें भी सत्यापन नोटिस भेजे जाने की तैयारी है।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं द्वारा जमा किए गए गणना प्रपत्रों की जांच अभी जारी है। यदि किसी मतदाता की पात्रता को लेकर संदेह उत्पन्न होता है, तो संबंधित व्यक्ति को भी सत्यापन के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया भी लगातार जारी है।