जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत कालिकापुर गांव के खर्राबागान टोला में सांप के काटने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन भगत के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।


जानकारी के अनुसार, पवन भगत मंगलवार रात अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी खोजबीन कर उस सांप को ढूंढ़ निकाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, सांप की पहचान खरिश नाम से पहचानी जाने वाली विषैली प्रजाति के रूप में की गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग या संबंधित विशेषज्ञों द्वारा नहीं की गई है।
पवन भगत की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, खर्राबागान टोला और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

