नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

Spread the love

जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शुक्रवार को चतुर्थ दीक्षांत समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में वर्ष 2022-25 सत्र के 1600 से अधिक स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को 26 स्वर्ण एवं 26 रजत पदक से सम्मानित किया गया, जबकि 33 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों और नवाचार को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कुलाधिपति मदन मोहन सिंह और कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध, नवाचार, कौशल विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।