जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 स्थित आदर्श बाल मध्य विद्यालय परिसर की सरकारी भूमि पर कथित कब्जे की कोशिश को लेकर स्थानीय लोगों ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने विद्यालय भवन को तोड़कर सामने की खाली जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। मामले में पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।


स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब 60 वर्षों से सरकारी भूमि पर संचालित आदर्श बाल मध्य विद्यालय सामाजिक सहयोग और सरकारी सहायता से विकसित हुआ है। विद्यालय के आगे और पीछे की खाली भूमि का वर्षों से विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सरस्वती पूजा, गणेश पूजा, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, बच्चों के खेलकूद, पोलियो अभियान तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग होता रहा है।
शिकायत में सुनील यादव, भूपेंद्र यादव समेत 10-12 लोगों पर विद्यालय की संपत्ति हटाने, भवन तोड़ने, जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने व अपहरण की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से विद्यालय परिसर और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

