एमजीएम अस्पताल में बाइक चोरी रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी, बिना लॉक वाहनों की हुई जांच

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल, डिमना परिसर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। अस्पताल परिसर में तैनात होमगार्ड जवान अब नियमित रूप से गश्त करने के साथ-साथ पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की भी जांच कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य वाहन मालिकों की लापरवाही के कारण होने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाना है।

विशेष जांच अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों को परिसर में पांच बाइक बिना लॉक के खड़ी मिलीं। ए-शिफ्ट के जवानों ने चार बाइक मालिकों को तलाश कर मौके पर बुलाया और उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की हिदायत देते हुए चेतावनी के साथ वाहन सौंप दिया। वहीं बी-शिफ्ट में बिना लॉक मिली एक बाइक उसके मालिक सुखदेव सिंह (दुवारिध, पटमदा निवासी) को लिखित बांड लेने के बाद ही वापस दी गई।

गौरतलब है कि एमजीएम अस्पताल परिसर और पार्किंग से पहले भी कई बाइक चोरी हो चुकी हैं, जिनकी प्राथमिकी एमजीएम थाना में दर्ज है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने मरीजों के परिजनों से अपील की है कि वाहन हमेशा निर्धारित पार्किंग में खड़ा करें, उसे अच्छी तरह लॉक करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। सुरक्षा जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।