जमशेदपुर में आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन शुरू, युवा नेतृत्व पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर: आजसू पार्टी का दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन शुक्रवार से जमशेदपुर में शुरू हो गया। सम्मेलन में झारखंड के सभी 24 जिलों से आए युवा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन आयोजित इंडोर सत्र में युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

सम्मेलन के दौरान आजसू नेताओं ने राज्य सरकार पर युवाओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि राज्य के युवा लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। पार्टी ने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी आवाज़ को मजबूत करना और संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना है।

सम्मेलन के दूसरे दिन आजसू के संस्थापक शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद कदमा गणेश पूजा मैदान में एक विशाल खुला अधिवेशन होगा, जिसमें लगभग 10 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन के माध्यम से पार्टी युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने और राज्य के विकास में उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाने का संदेश देगी।