रांची में 10 अगस्त को किसानों-मजदूरों का प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक पर सड़क जाम का ऐलान

Spread the love

रांची: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 10 अगस्त को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम 4 बजे से 7 बजे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन में किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और युवा समेत विभिन्न सामाजिक संगठन शामिल होंगे। सीपीआई कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की तैयारियों और रणनीति की जानकारी दी गई। संगठनों ने चारों श्रम कानूनों को वापस लेने, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन तय करने और काम के घंटे अधिकतम 8 घंटे करने की मांग की है। झारखंड में लैंड बैंक की व्यवस्था खत्म करने की मांग भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। किसान संगठनों ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने, किसानों का कर्ज माफ करने और विस्थापितों के लिए उचित पुनर्वास नीति लागू करने की मांग उठाई है। मनरेगा में सालाना 250 दिनों के रोजगार और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की मांग भी की गई है। इसके अलावा JPSC की विवादित परीक्षा रद्द करने और JSSC पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच की मांग को भी आंदोलन से जोड़ा गया है। सीपीआई, किसान सभा और सीटू ने आम लोगों से भी 10 अगस्त के आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।