झारखंड: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के युवाओं से परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सुझाव देने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संदेश जारी करते हुए बताया कि “Students Talk – With Students” अभियान के तहत अब तक 8,500 से अधिक युवाओं ने अपने सुझाव साझा किए हैं।


OMR से लेकर परीक्षा कैलेंडर तक सुझाव
मुख्यमंत्री के अनुसार युवाओं की ओर से OMR प्रणाली, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े लगातार सुझाव मिल रहे हैं। इसके अलावा JPSC समेत दोनों आयोगों में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और संवैधानिक दायरे में आवश्यक सुधार को लेकर भी युवाओं ने अपनी राय दी है।
मौजूदा चुनौतियों के साथ भविष्य की व्यवस्था पर जोर
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी मौजूदा समस्याओं पर चर्चा करना नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है जो वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित, विश्वसनीय और जवाबदेह हो।
युवाओं की हर राय महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं से लगातार अपने सुझाव साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ओर से दिया गया हर सुझाव केवल मौजूदा परीक्षा व्यवस्था में सुधार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार केवल राज्य सरकार की पहल नहीं होगी, बल्कि इसमें झारखंड के युवाओं की जनभागीदारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

