जमशेदपुर: मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) अभियान की समीक्षा को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को BLO के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में जिले की सभी विधानसभा सीटों में चल रहे सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई और BLO को घर-घर जाकर त्रुटिरहित सत्यापन पूरा करने का निर्देश दिया गया।


छह विधानसभा क्षेत्रों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के चयनित मतदान केंद्रों के BLO से सीधे संवाद किया गया। उपायुक्त ने क्षेत्रवार सत्यापन और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
घर-घर जाकर सत्यापन पर जोर
उपायुक्त ने BLO को अपने मतदान क्षेत्र का नक्शा तैयार करने और उसके आधार पर घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया। साथ ही परिवारवार विवरण तैयार करने और प्रत्येक घर का वास्तविक या सरकारी मकान नंबर दर्ज करने को कहा, ताकि मतदान क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार और पात्र नागरिक का व्यवस्थित सत्यापन हो सके।
पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का निर्देश
राजीव रंजन ने कहा कि BLO निर्धारित स्थान पर बैठकर काम करने के बजाय नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण करें और प्रत्येक घर तक पहुंचें। पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 और फॉर्म-8 जमा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त करने को कहा। संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों और अधिकारियों को BLO के क्षेत्र भ्रमण और कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
गलती होने पर दावा-आपत्ति दर्ज करें
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम, विवरण और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम की जांच करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी विवरण में गलती है, तो निर्धारित समय के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कर सुधार कराया जा सकता है।

