हजारीबाग: साइबर ठगों ने हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी WhatsApp ID बनाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी नंबर से जिले के अधिकारियों समेत अन्य लोगों से संपर्क किए जाने की जानकारी मिली है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।


जिला प्रशासन के अनुसार +66 646958113 नंबर पर हजारीबाग उपायुक्त की तस्वीर लगाकर लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त नंबर का उपायुक्त या जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। इसे साइबर ठगी के प्रयास से जुड़ा मामला बताया गया है।
DC के नाम पर पैसे मांगे तो रहें सावधान
जिला प्रशासन ने मामले की जानकारी हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से अपील की है कि उक्त नंबर या किसी अन्य संदिग्ध नंबर से आने वाले संदेश, कॉल या पैसों की मांग पर भरोसा न करें।
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर पुलिस को दें। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी परिस्थिति में अपनी निजी, बैंकिंग या OTP जैसी संवेदनशील जानकारी साझा न करें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए ऐसे मामलों में सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

