धनबाद कोयला कारोबार पर सियासत गरम, बाबूलाल मरांडी ने पुलिस-कोयला माफिया गठजोड़ पर उठाए सवाल

Spread the love

धनबाद: जिले में अवैध कोयला कारोबार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धनबाद पुलिस की भूमिका और अवैध कोयला कारोबार को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मामला अब सिर्फ कोयला चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या पुलिस और अवैध कारोबारियों के बीच कोई गठजोड़ है।

बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों और सीआईएसएफ की कार्रवाई तेज होने के बाद बीसीसीएल अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने की चर्चा सामने आई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वैध कोयला ले जाने वाले वाहनों को भी रोका जा रहा है और उन्हें मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल को छाताबाद भू-धंसान मामले में आरोपी बनाए जाने को लेकर भी सवाल उठाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मरांडी ने अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकारी कंपनी के सीएमडी को जान के खतरे के कारण हाईकोर्ट का रुख करना पड़े तो यह गंभीर स्थिति है। कानून-व्यवस्था और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए यह स्पष्ट होना चाहिए कि धनबाद में कानून का राज है या अवैध कोयला कारोबार करने वालों का दबाव।