गिरिडीह: बगोदर में राजनीतिक दल के नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में होटल मालिक महेश रजक और होटल की कर्मचारी सीमा ठाकुर शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने का दावा किए गए हथियारों के साथ बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।


14 अगस्त को मिली थी हत्या की सूचना
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिली थी। मामले की जांच के लिए बगोदर-सरिया SDPO के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ की।
होटल में हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश यादव 13-14 अगस्त की दरमियानी रात करीब 1:45 बजे घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचे थे। वहां उन्होंने बीयर पी और एक और बीयर मांगी। पैसे का भुगतान नहीं होने के कारण होटल मालिक और कर्मचारी ने दूसरी बीयर देने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई।
सड़क पर पीछा कर हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद होटल मालिक महेश रजक और कर्मचारी सीमा ठाकुर ने मिथिलेश का पीछा किया। मिथिलेश नशे की हालत में कपसा मंदिर के पास सर्विस रोड पर गिर गए। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उन पर पैर और तलवारनुमा हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हादसा दिखाने की कोशिश का दावा
पुलिस के मुताबिक, घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए बाइक को भी क्षतिग्रस्त किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार, एक बिना नंबर की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने होटल मालिक महेश रजक, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी घाघरा, बगोदर और होटल कर्मचारी सीमा ठाकुर, उम्र करीब 58 वर्ष, निवासी गोपालडीह, बगोदर को गिरफ्तार किया है।
मामले में बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

