कोडरमा: जिले के जंगलों में अवैध ढिबरा खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और वाहन जांच के दौरान ढिबरा लदे दो पावर ट्रक और एक ऑटो को जब्त किया। तीनों वाहनों से करीब दो टन ढिबरा बरामद होने की बात कही गई है।


वन विभाग को सूचना मिली थी कि लोमचांची जंगल क्षेत्र से अवैध तरीके से ढिबरा निकाला जा रहा है। इसके बाद रविवार सुबह टीम ने जंगल में छापेमारी की। मौके पर ढिबरा लोड करने के लिए दो पावर ट्रक खड़े मिले। टीम को देखते ही ट्रक चालक और मजदूर जंगल की ओर भाग गए। दोनों ट्रकों को विभाग ने जब्त कर लिया।
इसके बाद चांदिह क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान करीब दो टन ढिबरा लदा एक ऑटो भी पकड़ा गया। वन विभाग अब जब्त वाहनों से जुड़े लोगों और फरार चालकों की पहचान में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।

