सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार शनिवार को टीम बंधगोड़ा गाछ चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली हीरो स्प्लेंडर बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर बाइक के कागजात मांगे, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।


पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसने बाइक 5,500 रुपये में खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक की जांच की। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल कपाली के कमारगोड़ा निवासी एक व्यक्ति की है और कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली के इस्लामनगर फर्स्ट टर्न, मदरसा के पास रहने वाले 20 वर्षीय अरशद अंसारी के रूप में हुई है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

