चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रो-रो नदी डैम में डूबे 12 वर्षीय छात्र गणेश सोय का शव दो दिन की कड़ी खोजबीन के बाद बरामद कर लिया गया। शुक्रवार को दोस्तों के साथ डैम में नहाने के दौरान गणेश गहरे पानी में चला गया और डूब गया था। घटना के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।


बताया गया कि गणेश सोय अपने दोस्तों के साथ रो-रो नदी डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। पुलिस को आशंका थी कि शव पानी के अंदर चट्टानों के बीच फंसा हो सकता है, जिससे खोज अभियान में परेशानी हुई।
गणेश जगन्नाथपुर प्रखंड के सोसोपी गांव का रहने वाला था और चाईबासा के सुफलसाई में रहकर संत जेवियर स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना से परिवार और गांव में मातम है। स्थानीय लोगों ने डैम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

