जमशेदपुर: ई20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने शनिवार को सीएच एरिया स्थित निर्मल भवन में टाउन हॉल का आयोजन किया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वाहन चालक और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव, सवाल और चिंताएं साझा कीं।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ई20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों के बीच कई तरह के सवाल हैं। लोगों को इसके इस्तेमाल, वाहनों पर संभावित प्रभाव और इससे जुड़ी अन्य जानकारियों के बारे में सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।
आयोजकों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान लोगों ने उनके सामने ई20 पेट्रोल से संबंधित अपनी चिंताएं और सवाल रखे।
AAP नेताओं ने कहा कि नई नीतियां लागू करने से पहले आम लोगों की राय और समस्याओं को भी महत्व दिया जाना चाहिए। पार्टी ने सरकार से ई20 पेट्रोल को लेकर व्यापक जागरूकता और स्पष्ट संवाद की मांग की। जिला समिति ने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे को आगे भी उठाया जाएगा और लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

