रामगढ़: रामगढ़ पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुभाष चौक इलाके में छापेमारी कर कुल 22.2 किलोग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान दो वाहनों समेत अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।


एसपी मुकेश कुमार लुनायत के अनुसार, 22 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी से गांजे की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर मुख्यालय डीएसपी मो. अकरम रजा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
दुर्गा मंदिर के सामने स्थित गुमटी पर पुलिस पहुंची तो वहां मौजूद एक युवक भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान न्यू कॉलोनी गार्डन निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई। गुमटी की तलाशी में करीब 960 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर भी छापेमारी की, जहां 16 अलग-अलग पैकेट में रखा करीब 21.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में Alto कार संख्या JH-02T-2425 और एक अन्य वाहन JH-24N-2425 भी जब्त किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और बरामद गांजे के स्रोत तथा संभावित खरीदारों की जांच कर रही है।

