चाईबासा: डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन पर 80 फीट ऊंचाई से गिरकर ठेका मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई। हादसा कैरिज एंड वैगन विभाग के सीक लाइन क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान गोवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय समीर खान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सीक लाइन में करीब 80 से 100 फीट की ऊंचाई पर शेड की नीली शीट बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान समीर खान का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल समीर को साथी मजदूर तत्काल इलाज के लिए टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद साथी मजदूरों ने ठेकेदार और सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मजदूरों का आरोप है कि बारिश और खराब मौसम के बीच भी ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था और समीर को सेफ्टी हार्नेस, हेलमेट और सुरक्षा रस्सी जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

परिजनों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच, मुआवजा और आश्रित को रेलवे में नौकरी देने की मांग की है।