जमशेदपुर: सोनारी निर्मल नगर में रास्ता बंद करने के विरोध में प्रदर्शन, सरकारी जमीन घेरने का आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी के निर्मल नगर बस्ती में सोमवार को रास्ते और जमीन की घेराबंदी को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बस्तीवासियों ने आदित्य हेरिटेज में बन रहे फ्लैट निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि जिस रास्ते का इस्तेमाल बस्ती के लोग पिछले करीब 50 वर्षों से करते आ रहे हैं, उसे फ्लैट निर्माण के लिए घेर दिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रास्ते से हजारों लोग रोजाना काम पर जाते हैं और स्कूली बच्चे व छात्र भी आवागमन करते हैं। रास्ता बंद होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि विवादित रास्ते के अलावा बिहार सरकार की जमीन को भी कथित रूप से घेरा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जमीन के कागजात और सीमांकन की जांच कराने की मांग की है, ताकि जमीन के स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट हो सके।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि दूसरा रास्ता भी बंद हुआ तो आपात स्थिति में एम्बुलेंस के पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। लोगों का कहना है कि उन्हें विकास या फ्लैट निर्माण से आपत्ति नहीं है, लेकिन वर्षों पुराने आवागमन के रास्ते को बंद नहीं किया जाना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थल का निरीक्षण कराने और रास्ते को सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।