जमशेदपुर: ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर जमशेदपुर शहर की यातायात व्यवस्था में 26 अगस्त को विशेष बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के परिचालन पर समयबद्ध रोक लगाने का आदेश जारी किया है।


ट्रैफिक पुलिस के निर्देश के अनुसार, 26 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहन चालकों से शहर की ओर नहीं आने की अपील की गई है। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भारी वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से किया जा सकेगा।
हालांकि, इस प्रतिबंध से बसों को छूट दी गई है। यानी बसें अपने निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार चलती रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था ईद मिलादुन्नबी के दौरान शहर में यातायात को नियंत्रित और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से की गई है।
व्यवस्था को लागू कराने के लिए आदेश की प्रतियां पूर्वी सिंहभूम के SSP, उपायुक्त, नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सभी DSP, थाना प्रभारियों और ट्रैफिक थाना प्रभारियों को भेजी गई हैं। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

