जमशेदपुर: टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए OPD भुगतान व्यवस्था को डिजिटल कर दिया है। अब मरीजों और उनके परिजनों को फीस जमा करने के लिए कैश काउंटर की लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। मरीज मोबाइल के जरिए UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भुगतान कर सकेंगे।


मरीज के रजिस्ट्रेशन या डॉक्टर से परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित शुल्क मोबाइल ऐप पर दिखाई देगा। भुगतान की पुष्टि होने के बाद मरीज आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पूरी कर सकेगा। डॉक्टर द्वारा जांच या डायग्नोस्टिक टेस्ट की सलाह दिए जाने पर उसका भुगतान भी मोबाइल से किया जा सकेगा।
TMH की इस डिजिटल व्यवस्था से मरीजों को बार-बार भुगतान काउंटर पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही नकद रखने और खुले पैसे की समस्या भी कम होगी। ऑनलाइन भुगतान का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगा, जिससे लेनदेन को ट्रैक करना आसान होगा। अस्पताल को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से मरीजों का समय बचेगा और OPD सेवाएं अधिक सुविधाजनक व व्यवस्थित होंगी।

