Gumla News: अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी पिस्तौल और एक गोली बरामद

Spread the love

Gumla News: गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में हथियार लेकर घूम रहा है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम ने रविवार रात खालबी टोली तालाब के पास छापेमारी की। इसी दौरान संदिग्ध युवक सरयू टाना भगत को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक गोली बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

पुलिस के मुताबिक, युवक किसी आपराधिक घटना की तैयारी में था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कार्रवाई में इंस्पेक्टर विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।