रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में वन संरक्षण और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में CAMPA की स्टेट अथॉरिटी गवर्निंग बॉडी की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वन, वन्यजीव और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।


मुख्यमंत्री ने वन भूमि का विकास कार्यों में उपयोग होने वाले स्थानों पर जल्द से जल्द पौधरोपण पूरा करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। जंगल से सटे गांवों में हाथियों के साथ बढ़ते संघर्ष को देखते हुए अलर्ट सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की समय पर जानकारी मिल सके। हाथी हमले से प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने पर भी जोर दिया गया।
CAMPA फंड के उपयोग में पारदर्शिता के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट और योजनाओं की नियमित स्थल जांच के निर्देश दिए गए। जंगलों में जल संकट दूर करने के लिए छोटे जलाशय, चेक डैम और जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण तेज करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और स्थानीय वन समितियों को संरक्षण अभियान से जोड़ने तथा सभी योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

