सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली में रविवार रात सड़क हादसे में एक ढाबा कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा करीब रात 9:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान 53 वर्षीय बांका कर्मकार के रूप में हुई है। वह कमारगोड़ा के रहने वाले थे और डोबो स्थित सिंह ढाबा में काम करते थे।


जानकारी के अनुसार, रविवार रात खाना खाने के बाद बांका कर्मकार अपने काम के लिए निकले थे। इसी दौरान वह सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद सिंह ढाबा के कर्मचारियों ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बांका कर्मकार को इलाज के लिए MGM अस्पताल ले गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस हादसे में शामिल कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

