चतरा: मयूरहंड थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के मवेशियों से लदा एक पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कंटेनर के अंदर दबने से करीब 15 गायों की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 मवेशियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।


हादसा सुबह करीब चार बजे चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर हुंसिया बाजार से आगे पंचमो जंगल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को ले जाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे मवेशियों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन में ले जाए जा रहे मवेशियों के पैर कथित तौर पर बंधे हुए थे। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे पलट गया और कंटेनर के दबने से कई मवेशियों की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल मवेशियों का पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा इलाज कराया जा रहा है। मृत मवेशियों को दफनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने वाहन जब्त कर मामला दर्ज किया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। परिवहन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

