गुमला: बसिया थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में चार दिनों से लापता 35 वर्षीय कृष्णा सिंह का शव शनिवार को एक खंडहरनुमा मकान से बरामद किया गया। शव उसके घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मिला। परिजनों के अनुसार, कृष्णा मानसिक रूप से परेशान रहता था और बुधवार रात से घर से लापता था।


लापता होने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह ग्रामीणों को एक खंडहरनुमा मकान से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर ग्रामीण अंदर गए तो वहां सड़ा हुआ शव पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया गया।
पुलिस फिलहाल कृष्णा सिंह की मौत के कारणों की जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
कृष्णा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

