मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अमन नाम के आरोपी को हरियाणा के सोनीपत जिले के रोहणा गांव से पकड़ा गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। पुलिस अब उसके बैंक खाते में हुए संदिग्ध लेन-देन और कथित साजिश में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।


जांच में सामने आया है कि मामले के एक अन्य आरोपी कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा दूसरे बैंक खातों से भी उसके खाते में पांच-पांच हजार रुपये भेजे गए थे। मुंबई क्राइम ब्रांच को इन संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली थी। हरियाणा पुलिस की क्राइम यूनिट, खरखौदा को भी इससे जुड़े इनपुट मिले थे। इसके बाद एएसआई वीरपाल की टीम ने अमन को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया।
इस मामले में गिरफ्तार अन्य 11 आरोपियों को मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस ने 10 दिनों की हिरासत मांगी थी। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपियों की बातचीत से जुड़ी वॉयस चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी हथियारों के स्रोत तथा कथित आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद करने वालों की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार के पास बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगने से चोटें आई थीं।
बताया गया है कि टाइगर दिवाली के बाद अपनी फिल्म ‘लग जा गले’ की शूटिंग कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा शुरू करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं और आरोपियों के बीच कथित आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।

