छठ से पहले खेसारी लाल यादव का नया भोजपुरी गीत ‘पिया बिहरिया’ रिलीज, डिंपल सिंह के साथ दिखी गांव लौटने की कहानी

Spread the love

मनोरंजन: छठ महापर्व से पहले भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव का नया गीत ‘पिया बिहरिया’ रिलीज हो गया है। गाने में शहर में रहने वाले एक परिवार की कहानी दिखाई गई है, जहां छठ पर्व नजदीक आते ही पत्नी अपने पति से गांव जाकर पारंपरिक तरीके से पूजा करने की जिद करती है। खेसारी लाल यादव और डिंपल सिंह के बीच की नोकझोंक के जरिए परिवार, परंपरा और त्योहार से जुड़ी भावनाओं को दर्शाया गया है।

वीडियो में डिंपल सिंह पारंपरिक बिहारी अंदाज में लाल-पीली चुनरी वाली साड़ी और मांग में सिंदूर लगाए नजर आती हैं। उनके हाथ में पूजा की थाली है। वहीं, खेसारी लाल यादव सफेद कैजुअल शर्ट और डेनिम जींस में दिखाई देते हैं। गाने में उनका ऑनस्क्रीन बेटा भी मां का साथ देता है और पिता से गांव चलकर छठ पूजा करने की बात कहता है।

गीत की कहानी में बेटे के लिए मांगी गई मन्नत और छठी मइया के दरबार में उसे पूरा करने की इच्छा को भी दिखाया गया है। इसके जरिए छठ महापर्व के प्रति आस्था और परिवार की भावनाओं को सामने लाने की कोशिश की गई है।

गाने में छठ पूजा की पारंपरिक कोसी भराई की रस्म को भी खास जगह दी गई है। वीडियो में गन्ने का मंडप, जलते दीये और पीले कपड़ों में अर्घ्य देती व्रती महिलाएं दिखाई देती हैं। गीत के बोलों में पत्नी अपने पति से शहर की भागदौड़ छोड़कर गांव लौटने और पारंपरिक तरीके से छठ पूजा करने की अपील करती है।