रामगढ़ के हिमांशु कुमार ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, अंडर-17 के 52 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में हरियाणा के पहलवान को हराया

Spread the love

रामगढ़: जिले के चुंबा गांव निवासी पहलवान हिमांशु कुमार ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। हरियाणा के सोनीपत में अक्टूबर माह में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-17 ओपन वर्ग के 52 किलोग्राम फ्रीस्टाइल मुकाबले में हिमांशु ने हरियाणा के पहलवान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से चुंबा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब हिमांशु की नजर जूनियर रेसलिंग एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल पर है। इसके साथ ही वह खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी झारखंड का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले भी वह झारखंड खेलो में रजत पदक और झारखंड प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

हिमांशु ग्रेट यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, चुंबा में 10वीं कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षक बबलू सर को देते हुए बताया कि उनसे कुश्ती की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। फिलहाल वह कुजू स्थित द चैंपियंस डोजो में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

हिमांशु के पिता उमेश महतो कॉन्ट्रैक्टर हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। बेटे की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से परिवार में खुशी है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी हिमांशु की सफलता पर उत्साह जताया है। अब सभी की निगाहें आगामी एशियन चैंपियनशिप ट्रायल और खेलो इंडिया प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।