मनोरंजन: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलपति विजय के बेटे जेसन संजय ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से चल रहे फर्जी अकाउंट्स को लेकर प्रशंसकों को सतर्क किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक पर केवल वही अकाउंट आधिकारिक हैं, जिनकी जानकारी उन्होंने खुद साझा की है। उनके नाम, तस्वीर या पहचान का इस्तेमाल करने वाले अन्य अकाउंट्स से उनका कोई संबंध नहीं है।


जेसन संजय ने कहा कि फर्जी प्रोफाइल से भेजे जाने वाले मैसेज, काम से जुड़े प्रस्ताव या कमेंट के लिए वह जिम्मेदार नहीं होंगे। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि किसी भी अनजान अकाउंट पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अब तक कोई आधिकारिक फैन क्लब नहीं बनाया है। ऐसे में उनके नाम पर आधिकारिक होने का दावा करने वाले फैन क्लब अनौपचारिक हैं। प्रशंसकों को ऐसे अकाउंट्स के झांसे में आने और उनके साथ निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।
जेसन संजय ने हाल ही में फिल्म ‘सिग्मा’ के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखा है। यह एक्शन-कॉमेडी फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में संदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसकी कहानी एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां की पुरानी लाइब्रेरी को बचाने के लिए एक डॉन के यहां चोरी की योजना बनाता है।
वहीं, थलपति विजय फिल्म ‘जन नायगन’ के बाद अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के जरिए राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

