चतरा में राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के दौरान गिरी बिजली, सातवीं कक्षा के छात्र की मौत

Spread the love

चतरा: चतरा जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल परिसर में चल रहे कार्यक्रम के बीच अचानक बिजली गिरने से सातवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

मृतक छात्र की पहचान 14 वर्षीय अनीश उरांव के रूप में हुई है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय डाढ़ा में कक्षा सात में पढ़ता था। बताया गया कि स्कूल परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और बिजली गिरने की चपेट में अनीश आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने अनीश को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया गया कि अनीश मूल रूप से रांची के बूटी मोड़ स्थित खेलगांव, बख्शी टोली का रहने वाला था। वह चतरा में अपने नाना बंधन उरांव के घर रहकर पढ़ाई करता था।

अचानक हुई इस घटना से परिवार के साथ स्कूल के शिक्षक और छात्र भी सदमे में हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।