जमशेदपुर: गोविंदपुर में कुएं से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, मौत की जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक कुएं से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फूलचंद उर्फ सोना प्रामाणिक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई आशुतोष बरुआ ने पुलिस को बताया कि फूलचंद पिछले करीब तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था। सोमवार को स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद वह उसके घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला था, लेकिन फूलचंद अंदर नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर घर के पास स्थित कुएं में उसका शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, फूलचंद कुछ वर्ष पहले एक महिला के साथ रहता था। बाद में उसकी शराब पीने की आदत के कारण महिला उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह अकेले रहता था। वह ड्राइवर का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फूलचंद कुएं में कैसे गिरा। हादसा, आत्महत्या या हत्या समेत सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।