जमशेदपुर: शहर में टिनप्लेट कंपनी गेट के पास स्थित एक भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि पेट्रोल भराने के बाद 4 से 5 लोगों के वाहन अचानक रास्ते में बंद हो गए। इसके बाद एक वाहन को मैकेनिक के पास ले जाया गया। जांच के दौरान मैकेनिक ने पेट्रोल में पानी होने की बात कही, जिसके बाद पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।


मामले की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोल पंप के मैनेजर से बात की गई। मैनेजर ने पेट्रोल में पानी की मिलावट के आरोप से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि पंप से दिए जाने वाले पेट्रोल में किसी तरह की मिलावट नहीं है।
फिलहाल पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वाहनों के रास्ते में बंद होने की वजह पेट्रोल में पानी था या कोई अन्य तकनीकी खराबी।
पेट्रोल के सैंपल की जांच और संबंधित ग्राहकों की शिकायत के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

