जमशेदपुर: पोटका में इलेक्ट्रिशियन का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह के चांदनी चौक निवासी सिकंदर कुमार शर्मा का शव पूर्वी सिंहभूम के पोटका स्थित कोवाली थाना क्षेत्र के बनकाटा इलाके से बरामद हुआ है। शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने की भी बात सामने आ रही है। परिजनों ने सिकंदर की मौत को हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि हत्या के बाद शव को बनकाटा क्षेत्र में फेंक दिया गया।

पुलिस ने मंगलवार रात बनकाटा इलाके से सिकंदर का शव बरामद किया। शव से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सिकंदर सोनारी क्षेत्र में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। वह सोमवार को काम के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की गई। मंगलवार रात को उसका शव कोवाली थाना क्षेत्र में मिला।

शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।