टाटा स्टील बोनस 2026: इस सप्ताह हो सकता है बोनस समझौता, कंपनी के मुनाफे में 1,000 करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील कर्मचारियों के बोनस को लेकर तस्वीर जल्द साफ हो सकती है। मंगलवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रबंधन की ओर से कंपनी की आय और खर्च का पूरा ब्योरा यूनियन के सामने रखा गया। वार्ता के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह बोनस समझौते पर सहमति बन सकती है। बैठक में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ‘टुन्नू’, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह मौजूद रहे।

कंपनी के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में टाटा स्टील का मुनाफा 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह 9 हजार करोड़ रुपये से कुछ अधिक था। यानी पिछले वर्ष की तुलना में मुनाफे में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि बोनस की अंतिम राशि को लेकर प्रबंधन और यूनियन की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन और चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल भी फिलहाल जमशेदपुर में हैं। ऐसे में वार्ता में तेजी आने की संभावना है।

पिछले वर्ष कर्मचारियों के बीच करीब 303 करोड़ रुपये बोनस के रूप में वितरित किए गए थे। इस बार कंपनी के रोल पर करीब 26 हजार कर्मचारी हैं। हाल में वेज रिवीजन समझौता भी हुआ है, जिससे कर्मचारियों के बेसिक वेतन में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में बोनस राशि बढ़ने की उम्मीद है।

बोनस का निर्धारण पुराने फॉर्मूले के आधार पर किया जाएगा। यूनियन कर्मचारियों के हित में राशि को अधिक कराने का प्रयास कर रही है। अब अंतिम समझौते और बोनस राशि की घोषणा का इंतजार है।